
Assistant Education Development Officer (सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी) Exam 2025
बिहार लोक सेवा आयोग
15, नेहरू पथ (बेली रोड), पटना-800001
विज्ञापन सं.-87/2025, शिक्षा विभाग, बिहार के अन्तर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के कुल-935 (नौ सौ पैंतीस) रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु सुयोग्य भारतीय उम्मीदवारों से विहित प्रपत्र में ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। ऑनलाइन आवेदन भरने हेतु विस्तृत दिशा निर्देश आयोग के वेबसाईट www.bpsc.bihar.gov.in पर प्रदर्शित है।
चयन प्रक्रियाः-
(i) विज्ञापित पदों के विरूद्ध नियुक्ति हेतु सुयोग्य उम्मीदवारों के चयन के लिए लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ) का आयोजन किया जायेगा। इसमें साक्षात्कार नहीं लिया जायेगा। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग, बिहार के संकल्प ज्ञापांक संख्या-2374, दिनांक 16.07.2007 एवं सामान्य प्रशासन विभाग के संकल्प ज्ञापांक-962, दिनांक - 22.01.2021 के अनुसार लिखित परीक्षा में शामिल सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 40%, पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को 36.5%, अत्यन्त पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को 34% एवं अनुसूचित जाति / जनजाति, महिलाओं तथा निःशक्त (दिव्यांग) उम्मीदवारों को 32% न्यूनतम अर्हतांक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
(ii) लिखित परीक्षा के विषय, पत्र, परीक्षा की प्रकृति, प्रश्नों की संख्या, परीक्षा की अवधि एवं कुल अंक निम्नांकित होंगे:-
पत्र सं. | विषय | परीक्षा की प्रकृति | प्रश्नों की संख्या | अवधि | कुल अंक |
---|---|---|---|---|---|
1. |
सामान्य भाषा भाग-1: सामान्य अंग्रेज़ी (30 अंक) भाग-2: सामान्य हिन्दी (70 अंक) |
वस्तुनिष्ठ (Objective) | 100 | 2 घंटा | 100 (दोनों भाषाओं में न्यूनतम 30% अंक प्राप्त करना अनिवार्य) |
2. | सामान्य अध्ययन | वस्तुनिष्ठ (Objective) | 100 | 2 घंटा | 100 |
3. | सामान्य योग्यता (General Aptitude) | वस्तुनिष्ठ (Objective) | 100 | 2 घंटा | 100 |
प्रत्येक प्रश्न का एक अंक निर्धारित है तथा प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/3 (एक तिहाई) Negative Marking का प्रावधान है। सामान्य भाषा (सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी) के पत्र मात्र Qualifying होंगे, जिसमें से प्रत्येक में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा अर्थात सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी में अलग-अलग न्यूनतम अंक प्राप्त होने पर ही अन्य पत्रों का मूल्यांकन किया जायेगा। सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी के पत्र में न्यूनतम प्राप्तांक नहीं प्राप्त होने पर अभ्यर्थिता पर विचार नहीं किया जायेगा। पाठ्यक्रमः-
सामान्य भाषाः- सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी के प्रश्न इस तरह के होंगे की अभ्यर्थी की भाषा संबंधी प्रयोग की समझदारी की जाँच की जा सके।
सामान्य अध्ययन:- सामान्य विज्ञान, राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय महत्व की समसामयिक घटनाएं, भारत का इतिहास तथा बिहार के इतिहास की प्रमुख विशेषताएं, सामान्य भूगोल, बिहार के प्रमुख भौगोलिक प्रभाग तथा यहाँ की महत्वपूर्ण नदियां, भारत की राज्य व्यवस्था और आर्थिक व्यवस्था, आजादी के पश्चात् बिहार की अर्थ-व्यवस्था के प्रमुख परिवर्तन, भारत का राष्ट्रीय आन्दोलन तथा इसमें बिहार का योगदान को जांचने वाले प्रश्न होंगे।
सामान्य योग्यता (General Aptitude):- संख्या पद्धति से संबंधित प्रश्न, पूर्ण संख्याओं का अभिकलन, दशमलव और भिन्न, संख्याओं के बीच परस्पर संबंध, मूलभूत अंक गणितीय संक्रियाएँ, प्रतिशत, अनुपात तथा समानुपात, औसत, ब्याज एवं लाभ और हानि, सादृश्य, समानता एवं भिन्नता, स्थान कल्पना, स्थान अभिविन्यास, समस्या समाधान, विश्लेषण, दृश्य स्मृति, विभेद, अवलोकन, संबंध अवधारणा, अंक गणितीय तर्क शक्ति, शाब्दिक एवं चित्रात्मक वर्गीकरण, अंक गणितीय संख्या श्रृंखला, गैर-शाब्दिक श्रृंखला, कूट लेखन एवं कूट व्याख्या ।
(iii) लिखित परीक्षा के उपरान्त दस्तावेज सत्यापन आयोजित की जायेगी, जिसमें अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन में किये गये दावा के अनुसार सभी वांछित प्रमाण पत्रों की मूल प्रति के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा, अन्यथा मेधा सूची में सम्मिलित नहीं किये जायेंगे।
(iv) मेधा सूची:- लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर आयोग अंतिम चयन हेतु मेधा सूची तैयार करेगा। लिखित परीक्षा में प्राप्तांक समान होने की स्थिति में सामान्य अध्ययन विषय के प्राप्तांक के अनुसार मेधा क्रम निर्धारित होगा। लिखित परीक्षा एवं सामान्य अध्ययन विषय में भी प्राप्तांक समान होने की स्थिति में उम्र तथा उम्र में समानता होने पर देवनागरी लिपि में वर्णमाला के अनुसार नाम वाले उम्मीदवार को वरीयता दी जायेगी।
(v) इस विज्ञापन के अन्तर्गत लिखित परीक्षा हेतु पुनर्मूल्यांकन का प्रावधान नहीं है।